Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कार्बी आंगलोंग (असम), 07 फरवरी (हि.स.)। असम सरकार ने कार्बी आंगलोंग जिले में अवैध रूप से रह रहे तीन बांग्लादेशी नागरिकों को निष्कासित करने का आदेश दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी पुष्टि की।
यह कार्रवाई विदेशी न्यायाधिकरण (एफटी) द्वारा दिसंबर में पारित तीन अलग-अलग आदेशों के बाद की गई है, जिनमें संबंधित व्यक्तियों को अवैध विदेशी घोषित किया गया था। इसके आधार पर अप्रवासी (असम से निष्कासन) अधिनियम, 1950 की धारा 2 के तहत निष्कासन निर्देश जारी किया गया।
जिला आयुक्त द्वारा हस्ताक्षरित अलग-अलग निष्कासन आदेश शनिवार को तीनों विदेशियों को तामील कराए गए, जिसमें आदेश प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि घोषित विदेशियों की निरंतर उपस्थिति जनहित और राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए हानिकारक है। उन्हें निर्धारित समय के भीतर धुबड़ी, श्रीभूमि या दक्षिण सालमारा–मानकाचर मार्ग से राज्य और देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में आदेश का पालन नहीं किया गया, तो सरकार उन्हें राज्य और देश से बाहर करने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश