Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


चंडीगढ़, 05 फ़रवरी (हि.स.)। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष एवं पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल के नेतृत्व में कई अकाली नेता गुरुवार को चंडीगढ़ में पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव से मुलाकात करके गिरफ्तारी देने के लिए पहुंच गए। अकाली दल कार्यकर्ताओं के पुलिस मुख्यालय पहुंचने से स्थिति तनावपूर्ण बन गई और पुलिस मुख्यालय के सभी रास्तों को सील कर दिया गया। अकाली दल कार्यकर्ताओं व नेताओं ने कई घंटे तक यहां प्रदर्शन किया।
सुखबीर बादल, बिक्रमजीत सिंह मजीठिया, एन के शर्मा, बलविंदर सिंह भूंदड़ समेत कई वरिष्ठ नेता ने पुलिस महानिदेशक गौरव यादव से मुलाकात करते कहा कि अकाली नेताओं को फर्जी मामले में फंसाकर परेशान किया जा रहा है।
अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि आप सरकार मुझे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 328 स्वरूपों से जुड़े मामले में फंसाना चाहती है। स्वरूपों से संबंधित मामले की जांच करने के बजाय, सरकार की चुनी गई एसआईटी उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट के व्यावसायिक परिसरों पर छापे मार रही है, जिसमें मेरे आयकर दाखिल करने वाले अश्वनी एंड एसोसिएटस के कार्यालय के साथ साथ बठिंडा में मेरे पूर्व एकाउंटेंट भी शामिल हैं।
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि मेरी सभी बैलेंस शीटों पर गैरकानूनी रूप से जब्त की जा रही हैं और मेरे कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों पर मुझे झूठे मामले में फंसाने के लिए दबाव डाला जा रहा है। इन कार्रवाईयों का 328 स्वरूप मामले की जांच यां शिरोमणी कमेटी से कोई लेना-देना नही है।
सुखबीर बादल ने कहा कि सरकार के इशारे पर पुलिस उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की तैयारी में है। इससे पहले ही वह गिरफ्तारी देने के लिए आ गए हैं। सुखबीर बादल ने कहा कि वह स्वयं गिरफ्तारी देने के लिए आए हैं। डीजीपी से मिलने के बाद सुखबीर बादल ने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश में चुनावों में अकाली दल का प्रदर्शन सुधरा है। इसके चलते सरकार डर गई है। वह पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को परेशान कर रही है। इसके लिए पुलिस तंत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है। बेवजह कार्यकर्ताओं पर फर्जी केस दर्ज किया जा रहा है और जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा