Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 04 फरवरी (हि.स.)। बीएमसी ने सभी वार्डो के हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे पॉलीक्लिनिक (आपला दवाखाना) व मनपा प्रसूति गृहों में गर्भाशय ग्रीवा और स्तन कैंसर की जांच के लिए विशेष शिविर आयोजित करने का फैसला किया है। यह अभियान 31 मार्च 2026 तक चलेगा।
बीएमसी से मिली जानकारी के अनुसार 30 वर्ष से अधिक आयु के सभी महिला-पुरुषों के लिए मुख कैंसर की जांच मनपा अस्पतालों, ‘आपला दवाखाना’ और पॉलीक्लिनिक में शुरू की गई है। कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के समय पर निदान और प्रभावी उपचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बीएमसी ने एक व्यापक जनजागरूकता और जांच अभियान शुरू किया है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों और केंद्र सरकार के राष्ट्रीय असंसर्गजन्य रोग निवारण कार्यक्रम के तहत यह पहल की गई है।
बुधवार 4 फरवरी को विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर मनपा आयुक्त भूषण गगरानी ने नागरिकों से अपील की कि वे कैंसर के लक्षणों को नजरअंदाज न करें। समय रहते जांच कराकर तुरंत उपचार लें। इस जागरूकता अभियान में टाटा मेमोरियल अस्पताल, निजी संस्थानों और स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग मिल रहा है। अब तक मुख कैंसर के लिए 2.95 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें 24 रोगियों में कैंसर की पुष्टि हुई है। वहीं, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के लिए 54 हजार से अधिक महिलाओं की जांच में 32 मामलों का निदान हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार