Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 04 फरवरी (हि.स.)। देश की महत्वपूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी सुविधाओं) के सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने अपनी 57 वर्षों की गौरवशाली सेवा के उपलक्ष्य में 14 फरवरी 2026 को रत्नागिरी के पुलिस मैदान में ‘वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम का शुभारंभ उद्योग एवं मराठी भाषा मंत्री डॉ. उदय सामंत के करकमलों द्वारा किया जायेगा। यह जानकारी सीआईएसएफ के प्रवक्ता ने दी।
सीआईएसएफ के प्रवक्ता के अनुसार इस साइक्लोथॉन का उद्देश्य तटीय और समुद्री सुरक्षा के प्रति जन-जागरण, राष्ट्रीय एकात्मता, फिटनेस (तंदुरुस्ती), पर्यावरण संरक्षण तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। खास बात यह है कि इस अभियान में 50 फीसदी महिला प्रतिभागी शामिल हैं। इस साइक्लोथॉन के माध्यम से तटीय क्षेत्रों के नागरिकों में राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नागरिकों और सीआईएसएफ के बीच समन्वय मजबूत करना, युवाओं को नशीले पदार्थों के खतरों से अवगत कराना तथा बंदरगाह सुरक्षा में सीआईएसएफ के 51 वर्षों के अनुभव की जानकारी देना का उद्देश्य है। सन 1969 में स्थापित सीआईएसएफ ने पिछले 57 वर्षों में रिफाइनरियों, हवाई अड्डों, बंदरगाहों, मेट्रो रेल, परमाणु ऊर्जा संयंत्रों आदि प्रमुख स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव