Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मालदा, 16 फरवरी (हि. स.)। आवास योजना की सूची से अंतिम समय में नाम हटाए जाने से आहत एक महिला ने आत्महत्या की कोशिश की है। सोमवार दोपहर मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर-2 ब्लॉक स्थित बीडीओ कार्यालय के अंदर शुक्तारा खातून ने जहर पी लिया। घटना के बाद तुरंत महिला को हरिश्चंद्रपुर ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, वर्णाही गांव निवासी शुक्तारा खातून अत्यंत गरीब परिवार से हैं। उनका नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में था। सोमवार को जब वह ब्लॉक कार्यालय में अपना विवरण जांचने पहुंची, तो पता चला कि किसी अज्ञात कारण से उनका नाम सूची से हटा दिया गया है। कारण जानने के प्रयास में असफल रहने और निराशा के चलते उन्होंने बीडीओ के कक्ष के सामने ही अपने साथ लाई ज़हर की बोतल पी ली। मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
दावा है कि इलाके में आवास योजना की सूची में नाम जोड़ने या हटाने के लिए एक सक्रिय दलाल गिरोह काम कर रहा है। आरोप है कि नाम बरकरार रखने के लिए 40 से 50 हजार रुपये की मांग की जाती है और पैसा न देने पर नाम काटने की धमकी दी जाती है। शुक्तारा खातून के मामले में भी ऐसी आशंका जताई जा रही है।
घटना के बाद ब्लॉक प्रशासन एक बार फिर आवास योजना की सूची और पारदर्शिता को लेकर सवालों के घेरे में है। हालांकि प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार