Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बेंगलुरु, 16 फ़रवरी (हि.स.)। कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र ने पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अन्य संगठनों पर सवाल उठाने से पहले पार्टी को अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता करनी चाहिए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में विजयेंद्र ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीतिक अस्तित्व के संकट से गुजर रही है और उसे पहले अपनी स्थिति मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरों की मान्यता पर प्रश्न उठाने से पहले कांग्रेस को अपनी मान्यता बनाए रखने की चिंता करनी चाहिए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जैसे भगवान शिव ने अमृत की रक्षा के लिए विषपान किया था, उसी प्रकार आरएसएस भी हिंदू विरोधी शक्तियों के बीच मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस पर हमला करने वाले लोगों की मानसिकता नकारात्मक है और ऐसे लोगों से सकारात्मक सोच की अपेक्षा नहीं की जा सकती।
विजयेंद्र ने खरगे परिवार की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद ‘कल्याण कर्नाटक’ क्षेत्र का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। उन्होंने प्रियांक खर्गे से पूछा कि मंत्री बनने के बाद उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए क्या ठोस कार्य किए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए आरएसएस को निशाना बनाया जा रहा है। विजयेंद्र ने कहा कि कांग्रेस हिंदू परंपराओं और संगठनों को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
बी. वाई. विजयेंद्र ने कहा कि धर्म और सांस्कृतिक मूल्य कभी पराजित नहीं होते और आरएसएस अपने शताब्दी वर्ष की ओर बढ़ते हुए और अधिक मजबूत हुआ है। विजयेंद्र ने विश्वास जताया कि भाजपा देश सेवा के लिए समर्पित है और लगातार अपने संगठन का विस्तार कर रही है।
अंत में उन्होंने व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए कहा कि जनता देश के कई हिस्सों में कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर चुकी है और वर्ष 2028 तक कर्नाटक में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिलेगी।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा