Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मंड्या (कर्नाटक), 15 फरवरी (हि.स.)। मंड्या जिले के कारेकाटे के पास स्थित कीर्ति केमिकल फैक्ट्री में एक रासायनिक टैंक में हुए भीषण विस्फोट में दो श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, फैक्ट्री को पिछले एक महीने से करेकाटे गांव से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान बिहार के श्रमिक एक रासायनिक टैंक को हटाने का कार्य कर रहे थे। तभी अचानक टैंक में तेज विस्फोट हो गया, जिसकी आवाज दूर तक सुनी गई।
विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दो श्रमिकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और विस्फोट के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी है।
फिलहाल विस्फोट के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री प्रबंधन से भी आवश्यक जानकारी ली जा रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा