भायखला में टेक्सटाइल म्यूजियम के काम ने पकड़ी रफ्तार
Work on the Textile Museum in Byculla Gains Momentum
भायखला में टेक्सटाइल म्यूजियम के काम ने पकड़ी रफ्तार


मुंबई, 14 फरवरी (हि.स.)। दक्षिण मुंबई के भायखला स्थित इंडिया यूनाइटेड मिल में बन रहे स्टेट-ऑफ़-द-आर्ट टेक्सटाइल, क्राफ्ट और कल्चरल म्यूजियम प्रोजेक्ट ने रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना से साकार होने वाली इस परियोजना के करार पर हस्ताक्षर हो चुके हैं।

इस परियोजना का मकसद मुंबई की कपड़ा मिलों की विरासत को बचाना, कला और संस्कृति को संजोना है। यह प्रोजेक्ट मुंबई महानगरपालिका, नेशनल टेक्सटाइल कारपोरेशन (एनटीसी) और जिंदल साउथ वेस्ट (जेएसडब्ल्यू) फाउंडेशन के साथ मिलकर लागू किया जा रहा है। लगभग चार हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले इस मिल यार्ड को वर्ल्ड-क्लास कल्चरल सेंटर में बदला जाएगा। इस परियोजना में आकर्षक गैलरी, आर्ट स्टूडियो, परफॉर्मेंस स्पेस, गार्डन, रेस्टोरेंट और कैफे, वर्कशॉप और इवेंट के लिए अलग सेक्शन जैसी मल्टी-पर्पस और मॉडर्न सुविधाएं शामिल होंगी। म्यूज़ियम को एक लिविंग म्यूजियम के तौर पर विकसित किया जाएगा। पुरानी मिल की ऐतिहासिक इंडस्ट्रियल विरासत को बताया जाएगा और इसे मॉडर्न कल्चरल माहौल के साथ जोड़ा जाएगा।

इस परियोजना का पूरा काम जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन नॉन-प्रॉफिट बेसिस पर कर रहा है। म्यूजियम से होने वाली आय का उपयोग रखरखाव और पब्लिक कार्यों के लिए किया जाएगा। यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री फडणवीस के 'अर्बन हेरिटेज कंजर्वेशन एंड कल्चरल रिवाइवल' के विज़न को सपोर्ट करता है। इसके माध्यम से मुंबई की संस्कृति व परंपरा और कपड़ा मिलों की विरासत नई पीढ़ी तक पहुंचाई जाएगी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस परियोजना को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए योजना बनाई जाए. संबंधित सभी विभाग सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार