Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुंबई, 14 नवंबर (हि.स.)। बीएमसी ने अंधेरी के वीएम रोड पर स्थित मनपा के पुष्प नरसी उद्यान में दो दिवसीय पुष्प महोत्सव का आयोजन किया है। इसका उद्घाटन फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने शनिवार को किया। रंग-बिरंगे फूलों से सजा यह महोत्सव लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पुष्प महोत्सव के उद्घाटन समारोह में बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम, विधायक हारुन खान सहित गणमान्य उपस्थित थे। भारत का नक्शा, शिवलिंग, नदी, शहनाई, मोर, तितली हाथी, घोड़ा और अलग-अलग रंग-बिरंगे फूलों से बने संगीत के वाद्य यंत्र फूलों से बनाए गए हैं। महोत्सव में पेटुनिया, ब्रोकली, साल्विया के पौधे…गेंदा, गुलाब, मोगरा जैसे खुशबूदार फूल, औषधीय पौधे…बेलें, सब्जियां, खाद, गमले, गार्डनिंग के लिए औजार आदि प्रदर्शनी में ऱखे गए हैं। अक्षय कुमार ने कहा कि मुंबई बहुत व्यस्त शहर है. इस तरह के फ्लावर फेस्टिवल का आयोजन साल में दो बार होना चाहिए। व्यस्त जिंदगी में अच्छे स्वास्थ्य के लिए कुछ पल के लिए ठहराव भी जरूरी है। मैं व्यस्त होते हुए भी शाम 6 बजे के काम नहीं करता। यहां आएं, बैठें, देखें...ये फूल आपसे कुछ कहना चाहते हैं, कि ये आपकी जिदगी में 'शांति' लाएं हैं. किसी से मुकाबला न करें, बस खुद खिलें...और जब सब खिलते हैं, तभी एक 'बगीचा' बनता है।
मनपा आयुक्त गगरानी ने कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए उठाया गया यह ज़रूरी कदम है। हम इस कैंपेन व हेरिटेज को और ऊंचे स्तर पर ले जाना चाहते हैं। विधायक साटम ने कहा कि हम सबको मुंबई को हमेशा साफ और सुंदर रखना चाहिए। इसके लिए उन्होंने सफाई प्रतियोगिता आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि हमें स्वच्छता में मुंबई को 9वें पायदान से पहले स्थान पर लाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार