हरियाणा विधानसभा की बिजनेस सलाहकार समिति की बैठक 19 काे
चंडीगढ़, 12 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के 20 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। राजनीतिक दलों के साथ-साथ सरकार तथा विधानसभा सचिवालय में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। इस बीच हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र
हरियाणा विधानसभा की बिजनेस सलाहकार समिति की बैठक 19 काे


चंडीगढ़, 12 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा के 20 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। राजनीतिक दलों के साथ-साथ सरकार तथा विधानसभा सचिवालय में लगातार बैठकों का दौर चल रहा है। इस बीच हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने 19 फरवरी को बिजनेस सलाहकार कमेटी की बैठक बुला ली है। गुरुवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उर्जा व परिवहन मंत्री अनिल विज, संसदीय कार्य मामले मंत्री महिपाल सिंह ढांडा, समाज कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, डिप्टी स्पीकर कृष्णलाल मिढ्ढा, पूर्व शिक्षा मंत्री व झज्जर विधायक गीता भुक्कल, हिसार से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल व रानियां से इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला मौजूद रहेंगे।

वृद्धावस्था पेंशन रोकने व कटौती, बारिश से फसलों को हुए नुकसान के मुआवजे, धान खरीद घोटाले, हरियाणा लोकसेवा आयोग व हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की भर्तियों, नशे के बढ़ते प्रचलन, कानून व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर विपक्ष द्वारा सरकार को घेरने की रणनीति बनाई जा रही है। पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में पिछले दिनों नई दिल्ली में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हो चुकी है।

बैठक में सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मुद्दों पर मोटे तौर पर चर्चा हो चुकी है। हुड्डा ने 19 फरवरी को फिर से विधायक दल की बैठक बुलाई है ताकि बजट सत्र को लेकर पूरी प्लानिंग को अंतिम रूप दिया जा सके। वहीं इनेलो के दोनों विधायक भी सत्र में कई ध्यानाकर्षण प्रस्ताव व प्रश्न लगाएंगे। उनके द्वारा मुद्दों को चिह्नित किया जा चुका है।

सरकार के कई मंत्रियों के अलावा विधायकों (पक्ष व विपक्ष) की ओर से स्पीकर हरविन्द्र कल्याण से आग्रह किया गया है कि बजट सत्र के दौरान सिंगल सिटिंग ही रखी जाए। मंत्रियों व विधायकों का तर्क है कि एक ही दिन में डबल सिटिंग होने से कामकाज भी प्रभावित होता है और अच्छे नतीजे भी नहीं आ पाते। उनका कहना है कि सत्र की अवधि बेशक बढ़ा दी जाए लेकिन सिटिंग सिंगल ही होनी चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की तरह वित्त मंत्रालय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने पास ही रखा हुआ है। वे लगातार दूसरी बार अपनी सरकार का सालाना बजट पेश करेंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री 27 फरवरी को बजट पेश कर सकते हैं। बजट पेश होने के बाद सप्ताह-दस दिन का ब्रेक हो सकता है। इस दौरान स्पीकर विभिन्न विभागों के लिए कमेटियों का गठन करेंगे ताकि विधायक बजट का अध्ययन करके रिपोर्ट दे सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा