Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

चंडीगढ़, 12 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा में पुलिस भर्तियों को लेकर चल रही आवेदन प्रक्रिया के बीच सोशल मीडिया पर पीएमटी (शारीरिक मापन परीक्षा) व पीएसटी (शारीरिक दक्षता परीक्षा) का फर्जी शेड्यूल वायरल होने से प्रदेश के लाखों युवाओं में अफरा-तफरी मच गई।जांच के बाद हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने इसे फेक बताया है। हिम्मत सिंह ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा अभी अगला अधिकारिक कार्यक्रम जारी नहीं किया गया है लेकिन बीती रात शरारती तत्वों ने सोशल मीडिया पर पुलिस भर्तियों को लेकर पीएमटी व पीएसटी का कार्यक्रम जारी कर दिया।आयोग जल्द ही जारी पीएमटी और पीएसटी की तारीख जारी करेगा। सोशल मीडिया पर पुलिस कांस्टेबल भर्ती के पीएमटी और पीएसटी के तिथि को लेकर एक गलत नोटिस प्रसारित की जा रही है। आयोग द्वारा आधिकारिक रूप से पीएमटी और पीएसटी को लेकर किसी भी तरह की कोई तिथि की घोषणा नहीं की गई है।बीती रात हरियाणा के सोशल मीडिया ग्रुपों में वायरल हुई सूचना में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के हवाले से कहा गया कि उम्मीदवारों के लिए शारीरिक परीक्षा (पीएमटी) 28 मार्च 2026 से आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा विज्ञापन संख्या 01/2026, श्रेणी 01 के अंतर्गत पुरुष कांस्टेबल पद के लिए संभावित रूप से आयोजित की जा रही है।
चयनित उम्मीदवारों का विवरण, पीएमटी की तिथि और समय तथा प्रवेश पत्र डाउनलोड करने का लिंक आयोग की वेबसाइट पर शीघ्र ही प्रकाशित किया जाएगा। सभी उम्मीदवारों को आगे की जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट पर नियमित रूप से विजिट करने की सलाह दी जाती है।उल्लेखनीय है कि हरियाणा पुलिस में 5500 कांस्टेबलों के लिए करीब तीन लाख युवाओं ने आवेदन किया है। इसके लिए 31 जनवरी आवेदन की अंतिम तिथि थी। आवेदन के बाद अभ्यर्थी इन दिनों पीएमटी व पीएसटी की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा