अवैध मस्जिद निर्माण के विरुद्ध लोअर सुबनसिरी बंद, जनजीवन प्रभावित
जीरो (अरुणाचल प्रदेश), 21 जनवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के लोअर सुबनसिरी जिले में कथित अवैध मस्जिद निर्माण के विरोध में बुधवार को 24 घंटे के बंद के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। यह बंद जीरो इकाई की एसटी बचाओ आंदोलन समिति की ओर से आहूत किया गय
अरुणाचल प्रदेश


जीरो (अरुणाचल प्रदेश), 21 जनवरी (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के लोअर सुबनसिरी जिले में कथित अवैध मस्जिद निर्माण के विरोध में बुधवार को 24 घंटे के बंद के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। यह बंद जीरो इकाई की एसटी बचाओ आंदोलन समिति की ओर से आहूत किया गया है। पुलिस ने बताया कि बंद शांतिपूर्ण रहा।

सुबह 5 बजे से शुरू हुए इस बंद के चलते बाजार पूरी तरह बंद रहे, सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बेहद कम रही और सरकारी व निजी कार्यालयों में उपस्थिति भी नाममात्र की रही। हालांकि, पूरे दिन कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

लोअर सुबनसिरी के पुलिस अधीक्षक केनी बागरा ने कहा कि प्रदर्शनकारी जिला प्रशासन और पुलिस के साथ सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जीरो से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय मार्ग को अवरुद्ध नहीं किया गया, जिससे कामले और अपर सुबनसिरी जिलों की ओर जाने वाले यात्रियों को कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, आंदोलनकारियों की मांग है कि ओल्ड जीरो के सुलुया और हापोली के पारे आमी में निर्माणाधीन दो मस्जिदों को ध्वस्त किया जाए। आरोप है कि ये निर्माण बिना वैध दस्तावेजों के किए जा रहे हैं और केवल भूमि मालिकों के साथ किए गए समझौते के आधार पर आगे बढ़ाए जा रहे हैं।

प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि बंद के बावजूद कक्षा 5 और 8 की राज्य स्तरीय प्री-बोर्ड परीक्षाओं तथा कक्षा 10 की प्री-बोर्ड परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राएं बिना किसी बाधा के अपनी परीक्षाएं दे सकें।

इसके पूर्व, 20 जनवरी को लोअर सुबनसिरी के कार्यवाहक उपायुक्त हागे तरुंग ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करते हुए बंद को अवैध घोषित किया था।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश