Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 14 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेला क्षेत्र स्थित संगम तट से उड़ीसा से अपने परिवार के साथ स्नान करने आई एक महिला का पर्स मंगलवार को खो गया। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने बुधवार को महिला को उसका पर्स एवं नकदी वापस कर दिया। पुलिस अधीक्षक माघ मेला नीरज कुमार पांडेय ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों की ड्यूटी के प्रति सजगता एवं ईमानदारीपूर्ण एक अच्छा प्रयास है।
उन्होंने बताया कि माघ मेला क्षेत्र में स्थित संगम तट पर उड़ीसा के कटक निवासी साईं दास पुत्र बी.एम. दास अपने परिवार के साथ मंगलवार को स्नान करने पहुंचे। स्नान के दौरान संगम घाट के आस-पास उनका पर्स कहीं गिर गया। पर्स में 30 हजार 100 रुपये नकद धनराशि एवं आवश्यक कागजात थे। काफी खोजबीन के उपरांत पर्स न मिलने पर साईं दास ने इस संबंध में संगम थाने में सूचना दी।
सूचना प्राप्त होने पर थाना संगम प्रभारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों एवं मेला कंट्रोल रूम को अवगत कराया। पर्स मिलने की स्थिति में तत्काल सूचना देने हेतु निर्देशित किया गया। इसी क्रम में ड्यूटी के दौरान भ्रमणशील संगम पुलिस टीम को घाट क्षेत्र में एक लावारिस पर्स प्राप्त हुआ। पर्स मिलने की सूचना तत्काल थाना संगम को दी गई। थाना प्रभारी ने पर्स में उपलब्ध पहचान पत्र के आधार पर संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर उन्हें सूचित किया कि उनका पर्स थाना संगम, माघ मेला कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है।
तत्पश्चात साईं दास एवं उनकी पत्नी थाना संगम माघ मेला कार्यालय पहुंचे, जहाँ विधिवत पहचान के उपरांत 30 हजार 100 रूपये नकद धनराशि एवं कागजात सहित पर्स उन्हें सकुशल सुपुर्द किया गया। अपना खोया हुआ पर्स एवं धनराशि वापस पाकर साईं दास एवं उनकी पत्नी ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल