Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बेंगलुरु, 15 जनवरी (हि.स.)। जेडीएस नेता और केंद्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा है कि वह कर्नाटक राज्य की राजनीति में अपनी वापसी के लिए आश्वस्त हैं। राज्य की जनता तय करेगी कि मुझे कौन सा पद संभालना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी गुरुवार को यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे राज्य की राजनीति में वापसी के लिए आश्वस्त हैं और
अगर किसी को लगता है कि मैं राज्य की राजनीति से दूर रहूंगा, तो वे गलत हैं। मैं दूर नहीं रहूंगा। मुझे राज्य की राजनीति में वापस आना ही है।
भाजपा के साथ गठबंधन के बारे में उन्होंने कहा, हमने गठबंधन समझौता कर लिया है। इस गठबंधन में किसी भी तरह की अस्पष्टता नहीं होनी चाहिए। हमारा लक्ष्य राज्य में एक अच्छी और स्थिर सरकार लाना है। उन्होंने कहा कि वे राज्य में प्रशासन के संचालन पर नजर रख रहे हैं और उनका उद्देश्य एक अच्छी प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करना है ताकि लोग शांतिपूर्वक जीवन जी सकें। केंद्रीय मंत्री पद पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी ने मुझे यह पद दिया है। मैंने पहले ही इन दोनों विभागों में ईमानदारी से अच्छा काम करने के लिए ठोस आधार तैयार कर लिया है, लेकिन राज्य की राजनीति में वापसी का निर्णय मैं बाद में लूंगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा