Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बेंगलुरु, 25 फ़रवरी (हि.स.)। कर्नाटक विधानसभा में विपक्षी नेता आर अशाेक ने कांग्रेस की राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में है, लेकिन जनता सड़कों पर है। यह उनकी छठी गारंटी है— अराजकता की गारंटी।
कर्नाटक में पिछले दिनाें विभिन्न वर्गों के विरोध-प्रदर्शन तेज होने के बीच बुधवार काे प्रमुख विपक्ष दल भाजपा के नेता आर. अशोक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व वाली राज्य सरकार की प्रशासनिक विफलताओं के कारण समाज का हर वर्ग आंदोलन का रास्ता अपना रहा है।
उन्होंने राज्य में चल रहे विभिन्न आंदोलनों का उल्लेख करते हुए कहा कि धारवाड़ में सरकारी नौकरी के अभ्यर्थी रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। राज्य के सरकारी चिकित्सकों ने 11 मार्च से ओपीडी बंद करने की घोषणा की है। 37 हजार करोड़ रुपये के बकाया भुगतान की मांग को लेकर ठेकेदारों ने 6 मार्च को काम बंद करने का निर्णय लिया है।
भाजपा नेता अशोक ने कहा कि अनुसूचित जातियों के अंदर आरक्षण वर्गीकरण के विरोध में बंजारा, भोवी, कोरमा, कोरचा और घुमंतू समुदायों में आक्रोश है। वहीं, एससी दायां (बलगई) समुदाय भी आंतरिक आरक्षण के कथित अन्याय के खिलाफ आंदोलनरत है। इसके अलावा बिदादी टाउनशिप योजना, सन (जूट) सब्सिडी बंद करने और गन्ना भुगतान बकाया को लेकर किसान आंदोलन कर रहे हैं। आशा कार्यकर्ताओं ने वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर 27 फरवरी से प्रदर्शन का ऐलान किया है, जबकि परिवहन कर्मचारियों ने 38 महीनों के बकाया भुगतान को लेकर हड़ताल की चेतावनी दी है।
विपक्ष के नेता ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कोई भी वर्ग संतुष्ट नहीं है और सरकार का खजाना खाली होने के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा