Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बेंगलुरु, 25 फ़रवरी (हि.स.)। कर्नाटक राज्य के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि झूठ की गाड़ी कभी स्थायी नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सदन के अंदर एक जानकारी देते हैं और बाहर जनता के सामने अलग बयान प्रस्तुत करते हैं।
भाजपा नेता विजयेंद्र ने बुधवार काे भर्ती प्रक्रिया को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राज्य सरकार के खिलाफ आक्रोश जताते हुए कहा कि विधानसभा में सरकार के प्रस्तुत आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पिछले तीन वर्षों में केवल 8,157 सरकारी नियुक्तियां पूरी हुई हैं। जबकि मुख्यमंत्री सार्वजनिक मंचों से 40 हजार पदों को भरने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह राज्य के बेरोजगार युवाओं के साथ सीधा छल नहीं है? विजयेंद्र ने कहा कि जब राज्य के सबसे लंबे समय तक पद पर रहे मुख्यमंत्री ही जनता को गुमराह करेंगे, तो आम लोगों का क्या होगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से झूठे प्रचार को बंद करने और युवाओं की पीड़ा व आक्रोश को समझने की अपील की। उन्होंने मांग की कि स्थिति बिगड़ने से पहले लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कर युवाओं को न्याय दिया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा