Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बेलगावी, 9 दिसंबर (हि.स.)। कर्नाटक सरकार की कथित किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ बेलगावी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और किसानों की ओर से आहूत बड़े विरोध प्रदर्शन को पुलिस ने रोक दिया। सुवर्ण सौध की घेराबंदी की कोशिश कर रहे भाजपा नेताओं और किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, हालांकि बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।
यह विरोध प्रदर्शन बेलगावी के मालिनी मैदान में भाजपा के नेतृत्व में आयोजित किया गया था। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। विपक्ष के नेता आर. अशोक ने कहा कि राज्य में किसान आत्महत्या कर रहे हैं, लेकिन सरकार सत्ता और राजनीतिक साझेदारी में उलझी हुई है और किसानों की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि सरकार का रवैया किसानों के प्रति असंवेदनशील और गैरजिम्मेदाराना है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजेंद्र ने भी आरोप लगाया कि राज्य में सत्तारूढ़ सरकार किसानों की परेशानियों की अनदेखी कर सत्ता को बचाने में व्यस्त है। उन्होंने इसे लज्जागेट सरकार करार दिया।
विरोध रैली के समाप्त होने के बाद जब प्रदर्शनकारी सुवर्ण विधान सौध की ओर मार्च कर रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें रोक लिया और कई नेताओं को हिरासत में लिया। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। -----------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा