हिमाचल के सरकारी कॉलेजों में 17 अगस्त को अवकाश घोषित
शिमला, 16 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने 17 अगस्त (सोमवार) को राज्य के सभी सरकारी कॉलेजों और सरकारी संस्कृत कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय स्वतंत्रता दिवस समारोहों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी को देखते हु
हिमाचल के सरकारी कॉलेजों में 17 अगस्त को अवकाश घोषित


शिमला, 16 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने 17 अगस्त (सोमवार) को राज्य के सभी सरकारी कॉलेजों और सरकारी संस्कृत कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है। यह निर्णय स्वतंत्रता दिवस समारोहों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी को देखते हुए लिया गया है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने रविवार को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।

उच्च शिक्षा निदेशक सुनीता सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रदेश के सभी सरकारी कॉलेजों और सरकारी संस्कृत कॉलेजों में 17 अगस्त को छुट्टी रहेगी। आदेश में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कॉलेज स्तर, उपमंडल स्तर, जिला स्तर और राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसी के मद्देनजर सरकार की मंजूरी के बाद यह अवकाश घोषित किया गया है।

उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी सरकारी कॉलेजों और सरकारी संस्कृत कॉलेजों के प्राचार्यों को आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रदेश के निजी कॉलेजों के प्राचार्यों को भी आदेश की प्रति भेजी गई है। निजी कॉलेजों से कहा गया है कि वे इस संबंध में अपने विवेक से उचित निर्णय लें।

प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया था। सरकार ने इसी सहभागिता को सम्मान देने के उद्देश्य से सोमवार को विशेष अवकाश देने का फैसला किया है। इससे राज्य के सरकारी कॉलेजों में अध्ययनरत हजारों विद्यार्थियों और शिक्षकों को लाभ मिलेगा।

गौरतलब है कि स्कूल शिक्षा निदेशालय ने 15 अगस्त को ही प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों में 17 अगस्त को अवकाश घोषित करने के आदेश जारी कर दिए थे। स्कूल शिक्षा विभाग ने भी स्वतंत्रता दिवस समारोहों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी को इसका आधार बताया था। ऐसे में सोमवार को हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के साथ-साथ सभी सरकारी कॉलेज और सरकारी संस्कृत कॉलेज भी बंद रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा