फतेहाबाद : एंटी नारकोटिक्स सेल ने युवती को लाखों की हेरोइन के साथ दबोचा
फतेहाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। फतेहाबाद में नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने मां-बेटी के ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने पुराने बस स्टैंड के सामने घेराबंदी कर एक युवती को रंगे हाथों 30
फतेहाबाद। हेरोइन के साथ पकड़ी गई महिला।


फतेहाबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। फतेहाबाद में नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने मां-बेटी के ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने पुराने बस स्टैंड के सामने घेराबंदी कर एक युवती को रंगे हाथों 30.64 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है कि युवती अपनी मां के साथ मिलकर नशे की तस्करी करती थी, जिसे अग्रवाल कॉलोनी की एक महिला नशा सप्लाई करती थी। सिटी थाना पुलिस ने तीनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। रविवार को एंटी नारकोटिक्स सेल के एएसआई भूपेंद्र सिंह ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ पुराने बस स्टैंड के सामने गश्त और अपराध रोकथाम के सिलसिले में मौजूद थे। इसी दौरान पुख्ता सूचना दी कि गुरुनानकपुरा मोहल्ला की रहने वाली पूजा रानी नामक युवती हेरोइन बेचने के अवैध धंधे में संलिप्त है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब बताए गए ठिकाने पर पहुंची, तो एक मकान के सामने खड़ी युवती पुलिस वाहन को देखकर बुरी तरह घबरा गई। शक होने पर महिला पुलिस कर्मियों की मदद से उसे काबू किया गया और पूछताछ में उसने अपना नाम पूजा बताया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी नरसिंह को मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में जब महिला सिपाही ने पूजा के पर्स की तलाशी ली, तो उसके भीतर से 30.64 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस हिरासत में ली गई आरोपी पूजा रानी ने गहन पूछताछ के दौरान बेहद चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने कुबूल किया कि वह अकेली नहीं है, बल्कि उसकी मां राजो बाई भी इस अवैध कारोबार में उसके साथ बराबर की हिस्सेदार है। दोनों मिलकर शहर में हेरोइन की रिटेल सप्लाई करती हैं। पूजा ने पुलिस को बताया कि हेरोइन की यह खेप उसकी मां को अग्रवाल कॉलोनी निवासी श्रवण कौर उर्फ बिल्ली ने आगे बेचने के लिए सप्लाई की थी। एएनसी की शिकायत पर थाना शहर फतेहाबाद में आरोपी युवती पूजा रानी, उसकी मां राजो बाई और मुख्य सप्लायर श्रवण कौर उर्फ बिल्ली के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा