Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पश्चिम बर्दवान, 19 जुलाई (हि. स.)। विश्व कप फुटबॉल प्रतियोगिता फीफा का फाइनल मुकाबला रविवार को देर रात होने जा रहा है। आसनसोल में भी विश्व कप फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला है। इसी कड़ी में आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र के प्रसिद्ध मूर्तिकार और वैक्स आर्टिस्ट सुशांत राय एक लंबे समय से अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी के प्रशंसक रहे हैं। महिशिला स्थित उनके वैक्स म्यूजियम शीश महल में उनके हाथों से बनाई गई कई महान खिलाड़ियों और महापुरुषों की मोम की प्रतिमाएं प्रदर्शित हैं।
कुछ महीने पहले उन्होंने लियोनेल मेसी की भी आकर्षक मोम की प्रतिमा तैयार की थी।
विश्व फुटबॉल में मेसी की टीम के शानदार प्रदर्शन और फाइनल में पहुंचने के बाद सुशांत राय ने अर्जेंटीना की जीत को लेकर अपनी उम्मीद और विश्वास व्यक्त किया। इसी भावना के साथ उन्होंने अपने हाथों से बनाई गई मेसी की प्रतिमा को फूल अर्पित कर पूजा की।
प्रतिमा के पास पहले से ही फीफा विश्व कप ट्रॉफी की प्रतिकृति भी रखी गई थी, जो उनके उत्साह और मेसी के प्रति सम्मान का प्रतीक बनी।
इस अवसर पर सुशांत राय ने कहा कि मेसी केवल एक महान फुटबॉलर ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों लोगों की प्रेरणा हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अर्जेंटीना विश्व कप का खिताब अपने नाम करेगी।
इस दौरान देवव्रत सिन्हा और टीना राय भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा