Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

कोलकाता, 20 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में मानसून सक्रिय रहने के कारण सोमवार को राज्य के विभिन्न जिलों में वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार तथा कूचबिहार जिलों में भारी से अति भारी वर्षा हो सकती है। लगातार वर्षा के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन तथा निचले इलाकों में जलजमाव की आशंका व्यक्त की गई है।
दक्षिण बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर सहित अन्य जिलों में घने बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। कई स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वर्षा के कारण वातावरण में आर्द्रता का स्तर अधिक रहने से लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ सकता है।
प्रशासन ने उत्तर बंगाल के संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है तथा लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने का अनुरोध किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता