Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


मेदिनीपुर, 20 जुलाई (हि. स.)। विवेकानंद विद्या विकास परिषद की ओर से केशियाड़ी संकुल का विद्वत सम्मेलन रविवार शाम को गोपालपुर स्थित राधाबल्लभ हाती स्मृति सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित किया गया। सम्मेलन में शिक्षा, संस्कार, राष्ट्रीय चेतना और नागरिक कर्तव्यों के विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिशु मंदिर के अध्यक्ष अर्धेंदु शेखर महापात्र ने की, जबकि सभा का संचालन केशियाड़ी खंड के कार्यवाह दुलाल दास ने किया। सम्मेलन में 'प्र छाया' पत्रिका के संपादक ब्रजगोपाल पाड़्या, बेलदा महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. आशुतोष हेमरम, कुलटिकरी महाविद्यालय के प्राध्यापक सहित अनेक शिक्षाविद और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
सम्मेलन के प्रमुख वक्ताओं में पश्चिम मेदिनीपुर सामाजिक समरसता के जिला संयोजक अभिमन्यु गुप्ता भी शामिल रहे। उन्होंने अपने बौद्धिक उद्बोधन में नागरिक कर्तव्यों, राष्ट्र के प्रति दायित्व तथा सामाजिक समरसता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अधिकारों के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का भी निष्ठापूर्वक पालन करना चाहिए। उनका उद्बोधन आदर्शों, राष्ट्रभावना और सामाजिक उत्तरदायित्व पर आधारित रहा, जिसे उपस्थित जनों ने गंभीरता से सुना।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के बीच मूल्यपरक शिक्षा, चरित्र निर्माण तथा भारतीय संस्कृति आधारित शिक्षण व्यवस्था को सुदृढ़ करने की आवश्यकता है। उन्होंने समाज और शिक्षण संस्थानों के समन्वित प्रयास से राष्ट्र निर्माण की भावना को और मजबूत करने पर बल दिया।
सम्मेलन में केशियाड़ी संकुल के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षाविद, अभिभावक एवं शिक्षाप्रेमियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता