Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

उरई, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन के आटा थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम एक दर्दनाक हादसे में खेत से घर लौट रहे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। भभुआ गांव निवासी 23 वर्षीय विकास शनिवार को अपने खेत में पानी लगाने गया था। खेत का काम पूरा करने के बाद वह देर शाम पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि विकास की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर आटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक की पहचान कराने के बाद परिजनों को सूचना दी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आटा थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना का माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा