परीक्षा में चयन न होने से आहत छात्रा ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत
उरई, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बे के मोहल्ला दीवानपुरा में नीट परीक्षा में चयन न होने से आहत 18 वर्षीय छात्रा श्रुति साहू की जहरीला पदार्थ खाने के बाद उपचार के दौरान उरई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। इस घटना से परिवार
नीट परीक्षा में असफल होने पर छात्रा ने खाया जहर


उरई, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कस्बे के मोहल्ला दीवानपुरा में नीट परीक्षा में चयन न होने से आहत 18 वर्षीय छात्रा श्रुति साहू की जहरीला पदार्थ खाने के बाद उपचार के दौरान उरई मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है।

परिजनाें के अनुसार, श्रुति साहू नीट परीक्षा के परिणाम आने के बाद से मानसिक तनाव में थी। उसे अपेक्षित अंक नहीं मिले थे, जिसके चलते उसका मेडिकल कॉलेज में चयन नहीं हो सका। इसी बात को लेकर वह काफी परेशान रहती थी। शनिवार देर रात को उसने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जालौन के उरई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया । सुबह तक उरई मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों की भीड़ घर पर जुट गई। सीओ राजीव शर्मा ने बताया कि संबंधित थाना में सूचना दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा