Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

उरई, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालाैन मे लगातार हो रही बारिश के बीच जालौन जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। रविवार को कालपी क्षेत्र स्थित मुन्नाफुल पावर चौराहे के पास बने अंडरपास की स्लैब का हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि उस समय कोई वाहन या व्यक्ति सीधे मलबे की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बारिश के दौरान अचानक अंडरपास की छत से कंक्रीट और स्लैब का मलबा नीचे गिरने लगा। मलबा गिरते देख वहां से गुजर रहे लोग जान बचाकर भागे। कुछ ही सेकंड की देरी होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद लोगों ने अंडरपास से गुजरना बंद कर दिया और आसपास भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास के बीचों-बीच पहले से ही बड़ा सुराख बन गया था, जिसकी शिकायत कई बार संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से की गई थी। आरोप है कि समस्या का स्थायी समाधान करने के बजाय केवल लीपापोती कर मामला दबा दिया गया। लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुकी स्लैब आखिरकार टूटकर नीचे गिर गई। घटना के बाद लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने हाईवे और अंडरपास की यह स्थिति गंभीर लापरवाही को दर्शाती है वहीं, सूचना मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा क्षतिग्रस्त हिस्से का निरीक्षण किया। सुरक्षा की दृष्टि से अंडरपास के आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही सीमित करने की तैयारी शुरू कर दी गई। एसडीएम विनय मौर्य का कहना है कि तकनीकी टीम से जांच कराई जाएगी और आवश्यक मरम्मत का कार्य जल्द कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा