Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

उरई, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन के कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिंगपुरा निवासी पिता इंद्रजीत ने अपने बेटे निर्भय सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित पिता इंद्रपाल सिंह ने इस संबंध में पुलिस को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की गहन जांच कराने की अपील की है।
पीड़ित के अनुसार, उनके पुत्र की अप्रैल 2024 में एक विद्यालय में शिक्षक के पद पर नियुक्ति हुई थी। पिता का आरोप है कि नियुक्ति के बाद विद्यालय से जुड़े कुछ लोगों द्वारा उनके बेटे को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और उसे धमकियां भी दी जाती थीं। उनका कहना है कि लगातार मिल रही प्रताड़ना और मानसिक तनाव के कारण उनके बेटे ने 17 जुलाई 2026 को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज उरई रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे कानपुर भेज दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक के पिता इंद्रजीत ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र की मौत के पीछे मानसिक उत्पीड़न और धमकियों की भूमिका रही है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने, आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा