जल अर्पण दिवस पर जालौन के चमारी गांव पहुंचे जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, ग्रामीणों को दी शुद्ध पेयजल की सौगात
उरई, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह रविवार को जालौन जनपद के कालपी क्षेत्र स्थित चमारी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जल अर्पण दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच से उपस्थित ग्रामीणों का अभिवादन कि
जल अर्पण कार्यक्रम में मौजूद जल शक्ति मंत्री


उरई, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह रविवार को जालौन जनपद के कालपी क्षेत्र स्थित चमारी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने जल अर्पण दिवस समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच से उपस्थित ग्रामीणों का अभिवादन किया और जल जीवन मिशन के तहत गांव में पूर्ण हो चुकी पेयजल परियोजना का लोकार्पण करते हुए जल अर्पण किया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के अपर मुख्य सचिव (जलशक्ति) अनुराग श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।

चमारी गांव में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने विधिवत जल अर्पण कर गांव में हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने वाली योजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को इस महत्वपूर्ण परियोजना की सौगात सौंपी। अपने संबोधन में मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। प्रदेश सरकार इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है और गांव-गांव तक नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों के स्वास्थ्य में सुधार होगा और महिलाओं को पानी लाने की परेशानी से भी राहत मिलेगी। मंत्री ने ग्रामीणों से जल संरक्षण का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पानी प्रकृति का अमूल्य उपहार है और इसे बचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों का संरक्षण और पानी का विवेकपूर्ण उपयोग समय की आवश्यकता है।

इस कार्यक्रम में मौजूद अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने भी जल जीवन मिशन के कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर ग्रामीण परिवार तक गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के संचालन और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को निरंतर जलापूर्ति मिलती रहे। समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा