पांच थानाध्यक्षों पर एसपी का एक्शन, एक दिन का वेतन काटने का आदेश
सीवान, 19 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने अभियोजन कार्यों में लापरवाही और समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने वाले पांच थानाध्यक्षों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे मे
पांच थानाध्यक्षों पर एसपी का एक्शन, एक दिन का वेतन काटने का आदेश


सीवान, 19 जुलाई (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने अभियोजन कार्यों में लापरवाही और समीक्षा बैठक से अनुपस्थित रहने वाले पांच थानाध्यक्षों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

17 जुलाई को समाहरणालय सभागार में आयोजित आर्म्स एक्ट से संबंधित कांडों की समीक्षा बैठक में एसपी ने लंबित मामलों की प्रगति, अनुसंधान की स्थिति, अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अभियोजन की प्रक्रिया की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अनुसंधान और अभियोजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि दोषियों को शीघ्र सजा दिलाई जा सके।

बैठक के दौरान यह सामने आया कि दरौली, बरहरिया, जी.बी. नगर, सिसवन और चैनपुर के थानाध्यक्ष बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहे। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए एसपी ने दरौली थानाध्यक्ष अभिनव दुबे, बरहरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार, जी.बी. नगर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह, सिसवन थानाध्यक्ष चितरंजन कुमार तथा चैनपुर थानाध्यक्ष विजय रंजन का एक दिन का वेतन काटने का आदेश जारी कर दिया।

एसपी पूरन कुमार झा ने सभी थानाध्यक्षों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में किसी भी सरकारी या समीक्षा बैठक से बिना पूर्व अनुमति अनुपस्थित रहने पर और कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को आर्म्स एक्ट के मामलों की नियमित मॉनिटरिंग कर लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश भी दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma