Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 19 जुलाई (हि.स.)। असम पुलिस ने गुवाहाटी के जालुकबाड़ी थाना क्षेत्र में हिरासत से भागने की कोशिश कर रहे चोरी के आरोपित को पैर में गोली मारकर पकड़ लिया। घायल आरोपित का नाम बरपेटा जिला निवासी आजनबी अली है, जिसे मालीगांव स्थित आरके ट्रेडर्स में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को मालीगांव स्थित आरके ट्रेडर्स से करीब 7 लाख रुपये मूल्य के सामान की चोरी हुई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आजनबी अली को गिरफ्तार किया। शनिवार देर रात पुलिस की एक टीम उसे चोरी का सामान बरामद कराने के लिए घटनास्थल पर लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपित ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की। उसे रोकने के लिए पुलिस ने गोली चलाई, जो उसके पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घायल आरोपित को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच जारी है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश