Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

5 अगस्त से चलेगी प्रयागराज–यशवंतपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेनपर्यटन, तीर्थाटन और दक्षिण भारत की यात्रा को मिलेगा नया विकल्प, 8 फेरों तक चलेगी विशेष रेलगाड़ी
प्रयागराज, 19 जुलाई (हि.स.)। यात्रियों की सुविधा, पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज–यशवंतपुर–प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के शुरू होने से संगम नगरी प्रयागराज और कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु (यशवंतपुर) के बीच यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक हो जाएगी। साथ ही उत्तर और दक्षिण भारत की दो समृद्ध सांस्कृतिक विरासतों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने रविवार को बताया कि गाड़ी संख्या 04149 प्रयागराज–यशवंतपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन प्रत्येक बुधवार को 5 अगस्त 2026 से 23 सितंबर 2026 तक कुल 8 फेरे लगाएगी। वहीं गाड़ी संख्या 04150 यशवंतपुर–प्रयागराज साप्ताहिक विशेष ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 8 अगस्त 2026 से 26 सितंबर 2026 तक कुल 8 फेरे संचालित होगी।
प्रयागराज से यह ट्रेन शाम 6:00 बजे प्रस्थान कर शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, खजुराहो, छतरपुर, टीकमगढ़, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, काजीपेट, सिकंदराबाद, रायचूर, गुंतकल, अनंतपुर, धर्मावरम, हिंदूपुर और येलहंका सहित अनेक महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहरते हुए शुक्रवार रात 9:00 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन शनिवार सुबह 7:00 बजे यशवंतपुर से रवाना होकर सोमवार सुबह 6:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए इस विशेष ट्रेन में कुल 23 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 2 एसएलआर/डी, 7 सामान्य श्रेणी, 11 शयनयान (स्लीपर), 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (एसी-3) और 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी (एसी-2) कोच शामिल होंगे।
रेलवे का मानना है कि इस विशेष ट्रेन के संचालन से प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के साथ-साथ बेंगलुरु क्षेत्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा व्यापार, शिक्षा, रोजगार और पर्यटन के क्षेत्र में भी इस रेल सेवा से सकारात्मक लाभ मिलने की उम्मीद है।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से समय पर आरक्षण कराकर इस विशेष रेल सेवा का लाभ उठाने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल