Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी, 19 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ मारवाड़ी युवा मंच, खूंटी नगर शाखा की ओर से रविवार को डोड़मा स्थित प्रवीण जैन के क्रशर प्लांट परिसर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के 101 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाजसेविका सुशीला देवी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि लगाए गए पौधों का सही ढंग से संरक्षण किया जाए, तो वे भविष्य में स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन का आधार बन सकते हैं।
अभियान में बच्चों की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। आर्या, आरना, कृतांत, वेदान्तिका, आज्ञा और कृष ने पौधरोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों ने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
मारवाड़ी युवा मंच की संयोजिकाओं निक्की जैन, प्रियंका जैन, रश्मि जैन और रिंकू जैन ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
मंच के अध्यक्ष राजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि एक पौधा केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ, सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने और अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंच के पूर्व अध्यक्ष उदय लाल भाला, अंकित जैन, सचिव गौरव जैन, कोषाध्यक्ष प्रिंस अग्रवाल, नूपुर अग्रवाल, मुकुल पिपुरिया, शिल्पी अग्रवाल, पूजा जैन, अशोक जैन सहित मंच के अनेक सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा