सामान्य जन के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी ‘मन की बात’: मनमोहन सामल
-राज्य कार्यालय में ‘मन की बात’ राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित भुवनेश्वर, 19 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को लेकर आज राज्य कार्यालय में एक राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध
राज्य कार्यालय में ‘मन की बात’ राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित


-राज्य कार्यालय में ‘मन की बात’ राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित

भुवनेश्वर, 19 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात को लेकर आज राज्य कार्यालय में एक राज्यस्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मनमोहन सामल ने कहा कि ‘मन की बात’ आज देश के सामान्य जन के लिए प्रेरणा का एक महत्वपूर्ण स्रोत बन चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 अक्टूबर 2014 को इस कार्यक्रम की शुरुआत कर देशवासियों से सीधे संवाद स्थापित करने का एक ऐतिहासिक प्रयास किया था। पिछले 12 वर्षों में इसके 135 संस्करण पूरे हो चुके हैं, जो किसी भी राष्ट्राध्यक्ष द्वारा निरंतर संचालित एक अनूठी पहल है। यह कार्यक्रम प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे रेडियो और दूरदर्शन के माध्यम से प्रसारित होता है।

सामल ने बताया कि 26 जुलाई को ‘मन की बात’ का 136वां संस्करण प्रसारित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री देशवासियों को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम अब एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है, जो न केवल देश में बल्कि प्रवासी भारतीयों और वैश्विक स्तर पर भी व्यापक रूप से सराहा जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हैं और जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों तथा छिपी प्रतिभाओं को देश के सामने लाते हैं। ओडिशा के कई लोगों की उपलब्धियों को भी इस कार्यक्रम में स्थान मिला है, जिससे राज्य को गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम को राज्य के हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस कार्यशाला में उपमुख्यमंत्री केवी सिंहदेव, प्रदेश संगठन महासचिव मानस महांति, कंधमाल सांसद एवं कार्यक्रम के राज्य संयोजक सुकांत पाणिग्राही, मंत्री संपद चरण स्वाईं और गणेश राम सिंह खुंटिया, कालाहांडी सांसद मालविका देवी, विधायक संतोष खटुआ, विधायक सुधीर रंजन पट्टजोशी, प्रदेश महासचिव सीमांचल खटेई, प्रदेश सचिव ममता सिंह, प्रदेश प्रवक्ता तेजेश्वर परिडा तथा वरिष्ठ नेता ठाकुर रंजीत दास सहित विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों के ‘मन की बात’ संयोजक उपस्थित रहे।

----

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो