Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पश्चिमी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम के गुवा रेलवे मार्केट स्थित झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (जेएमएसएस) के कार्यालय में रविवार को आयोजित विशेष बैठक में संगठन के विस्तार और मजबूती को लेकर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। इस दौरान संगठन में युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से रोहित पांडे को कार्यवाहक अध्यक्ष, पृथ्वी महाकुड़ को उपाध्यक्ष, शकील खान को सचिव, अनीश खान को उपसचिव, शंकर गोच्छाईत को संगठन मंत्री, नूपुर कुमारी एवं अमृका खण्डाईत को कोषाध्यक्ष तथा विष्णु प्रसाद को उप सह सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से 29 नए सदस्यों को सक्रिय कार्यकारी सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन में युवाओं और महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नई टीम अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेगी तथा मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि झारखंड मजदूर संघर्ष संघ शुरू से ही मजदूर हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहा है और भविष्य में भी सेल कर्मियों एवं ठेका मजदूरों के अधिकारों की रक्षा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी मजबूती के साथ आवाज उठाता रहेगा। बैठक में बड़ी संख्या में सेल कर्मियों, ठेका मजदूरों और यूनियन सदस्यों ने भाग लिया तथा नवगठित कार्यकारिणी का स्वागत करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक