Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गढ़वा, 19 जुलाई (हि.स.)। गढ़वा जिले के भंडरिया-बड़गढ़ मुख्य मार्ग स्थित सालों जंगल में रविवार सुबह अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही भंडरिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष कुमार और बड़गढ़ थाना प्रभारी दीपक मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने खून से लथपथ शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भंडरिया पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक भी बरामद की है, जिसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना रविवार सुबह करीब 10:30 बजे की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधियों ने युवक की कनपटी पर बेहद करीब से गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस अभी इस संबंध में सभी तथ्यों की जांच कर रही है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों और ग्रामीणों की मदद ली जा रही है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या में शामिल अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार आपसी रंजिश, लूट, पुरानी दुश्मनी समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार