Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी , 19 जुलाई (हि.स.)। तोरपा प्रखंड मुख्यालय के विजय नगर, सिरुमटोली जलजमाव से विजय नगर और सिरूम टोली और नगर भवन के पीछे के मुहल्लों में जलजमाव से त्रस्त महिलाओं ने रविवार को तोरपा के अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी को आवेदन देकर जलजमाव से निजात दिलाने की मांग की।
महिलाओं ने कहा कि तोरपा नगर क्षेत्र के विजय नगर, सिरूम टोली रोड तथा नगर भवन के पीछे स्थित मोहल्लों में जलजमाव की गंभीर समस्या से स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार पानी जमा रहने से लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं क्षेत्र में महामारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। पानी से बदबू आने लगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार विजय नगर जाने वाले मार्ग पर घुटने भर पानी जमा है, जिससे पैदल चलना मुश्किल हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।
महिलाओं ने बताया कि संत जोसेफ कॉलेज, सिरूम टोली और तपकारा रोड की ओर से बहकर आने वाला पानी पहले तोरपा मेन रोड स्थित पुल से निकल जाता था, लेकिन अब कुछ लोगों की ओर से पानी के प्राकृतिक बहाव को अवरुद्ध कर दिए जाने के कारण पानी मोहल्ले में जमा हो रहा है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि लंबे समय तक पानी जमा रहने से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों के घरों में विषैले सांप तक घुस जा रहे हैं।
जलजमाव के निराकरण कि मांग को लेकर मोहल्ले के लोगों ने शनिवार को भी बीडीओ, सीओ और अनुमंडल पदाधिकारी से मुलाकात की थी। एसडीओ के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी नवीन चंद्र झा और अंचल अधिकारी ने जल जमाव वाले क्षेत्र का निरीक्षण भी किया था। हालांकि निरीक्षण के बाद भी पानी जी निकासी का कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और महामारी की आशंका को टाला जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा