Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हजारीबाग, 19 जुलाई (हि.स.)। हजारीबाग शहर के कोर्रा थाना क्षेत्र में रविवार को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने एक रेस्टोरेंट में छापेमारी की। कनहरी रोड स्थित रेस्टोरेंट में रूम सर्विस की आड़ में कथित तौर पर आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवती और दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि संबंधित रेस्टोरेंट में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। शिकायत के आधार पर कोर्रा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वहां मौजूद एक युवती और दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाना भेज दिया।
छापेमारी की सूचना मिलते ही इलाके में हलचल मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों का आरोप है कि संबंधित रेस्टोरेंट में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां चल रही थीं, जिससे आसपास के आवासीय क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा था। उनका कहना है कि इस संबंध में पहले भी कई बार विरोध दर्ज कराया गया था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक ने बताया कि पुलिस ने प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि रेस्टोरेंट में किस प्रकार की गतिविधियां संचालित हो रही थीं।
थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक किसी के विरुद्ध औपचारिक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। जांच के बाद यदि कोई आपराधिक तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने एहतियातन संबंधित रेस्टोरेंट को फिलहाल अस्थायी रूप से बंद करा दिया है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सामाजिक माहौल बनाए रखा जा सके।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार