खेत से युवक का नग्न शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
पूर्वी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र की मुकरुडीह पंचायत अंतर्गत कदमजोड़ा गांव में रविवार को एक युवक का नग्न शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने
प्रतीकात्मक फोटो


पूर्वी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र की मुकरुडीह पंचायत अंतर्गत कदमजोड़ा गांव में रविवार को एक युवक का नग्न शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। खेत में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

मृतक की पहचान कदमजोड़ा गांव निवासी 36 वर्षीय चीनीवास महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रविवार शाम करीब छह बजे हाराधन सिंह के खेत से शव बरामद किया गया। घटनास्थल से मृतक के कपड़े और मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।

स्थानीय लाेगाें से मिली जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर धान रोपनी के लिए खेत की ओर जा रही एक महिला की नजर सबसे पहले शव पर पड़ी। नग्न अवस्था में शव देखकर वह घबरा गई और इसकी सूचना परिजनों तथा आसपास के लोगों को दी। इसके बाद वार्ड सदस्य मीरा सिंह को मामले की जानकारी दी गई। उनके पति ने तत्काल बोड़ाम थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

प्राथमिक जांच में मृतक के सिर और आंख के पास गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस का मानना है कि किसी भारी या धारदार हथियार से हमला कर युवक की हत्या की गई हो सकती है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक