Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

खूंटी , 20 जुलाई (हि.स.)। समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त मो जावेद हुसैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक हर हाल में पहुंचे और सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा हाे।
बैठक में मनरेगा, पशुपालन, गव्य विकास, 15 वें वित्त आयोग, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, ग्राम पंचायत, भवन निर्माण, श्रम, जिला नियोजन, मत्स्य एवं विद्युत विभाग की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पशुपालन विभाग को राष्ट्रीय गोकुल मिशन और आर्टिफिशियल इनसेमिनेशन कार्यक्रम का प्रभावी संचालन करने एवं व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिया।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान ई-केवाईसी, जियो टैगिंग, मानव दिवस सृजन और बिरसा हरित ग्राम योजना में तेजी लाने पर जोर दिया गया। साथ ही 24 जुलाई से पंचायत भवनों में आधार शिविर लगाने और सभी प्रखंडों में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में एचएससी, बीपीएचयू, सीएचसी सहित स्वास्थ्य अधोसंरचना निर्माण और पीएम-एबीएचआईएम योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने विद्युत विभाग को शेष टोलों का शीघ्र विद्युतीकरण, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और विद्युत मिस्त्रियों को सुरक्षा किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिया।
इसके अलावा जेएसएलपीएस, बैंकिंग, राजस्व, ग्रामीण कार्य, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, सहकारिता, आपूर्ति, खेल एवं भूमि संरक्षण विभागों की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने असंगठित श्रमिकों के शत-प्रतिशत पंजीकरण, लंबित मुद्रा ऋण आवेदनों के शीघ्र निष्पादन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, पेंशन भुगतान, तालाबों के जीर्णोद्धार, फसल बीमा योजना और 2500 एमटी क्षमता वाले कोल्ड स्टोरेज निर्माण कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश सहित सभी जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा