Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पूर्वी सिंहभूम, 20 जुलाई (हि.स.)।
जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित भुईयांडीह लिट्टी चौक से भिलाई पहाड़ी (एनएच-33) तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क और स्वर्णरेखा नदी पर निर्माणाधीन सिग्नेचर ब्रिज परियोजना का सोमवार को विधायक पूर्णिमा दास साहू ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भुईयांडीह के बाबूडीह और लाल भट्ठा स्थित बारा घाट पहुंचकर पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं के साथ निर्माण कार्य की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने परियोजना के विभिन्न चरणों की जानकारी लेते हुए निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और कार्य की गति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ परियोजना को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि फोरलेन सड़क और सिग्नेचर ब्रिज के निर्माण से जमशेदपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी। शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा, जाम की समस्या में राहत मिलेगी और एनएच-33 सहित आसपास के क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी। विभागीय अधिकारियों ने उन्हें बताया कि परियोजना का कार्य तय कार्ययोजना के अनुसार आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव, भाजपा सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह, बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, मिथिलेश साव, धनराज गुप्ता, कौस्तव रॉय, हरेराम सिंह, अनिकेत रॉय सहित अन्य भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक