Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पश्चिमी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के गुवा थाना क्षेत्र में एक कबाड़ी व्यवसायी की हत्या कर शव को बड़े पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक देने का मामला सामने आया है। रविवार सुबह नदी से शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान कुर्मान शेख (३९) के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा का रहने वाला था और गुवा बाजार सहित आसपास के क्षेत्रों में घूम-घूमकर लोहे का कबाड़ खरीदने का व्यवसाय करता था। वह गुवा थाना क्षेत्र के हिरजीहाटिंग में अपने साथी अल्ताफ शेख के साथ किराये के मकान में रहता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अल्ताफ शेख शनिवार दोपहर जनशताब्दी एक्सप्रेस से अपने घर मुर्शिदाबाद के लिए रवाना हो गया था। वहीं, कुर्मान शेख को शनिवार रात करीब आठ बजे तक इलाके में देखा गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। रविवार सुबह कारो नदी किनारे लोगों ने उसका शव देखा, जिसे बड़े पत्थर से बांधकर पानी में डुबो दिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने किसी भारी वस्तु या पत्थर से कुर्मान शेख के सिर पर वार कर उसकी हत्या की। इसके बाद पहचान और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पत्थर से बांधकर नदी में फेंक दिया गया। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की गतिविधियों के साथ-साथ उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक