सरयू राय की पहल पर होमगार्ड जवानों का बकाया वेतन मिलेगा २० को
पूर्वी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। एमजीएम अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों के पांच महीने से लंबित वेतन भुगतान का रास्ता साफ हो गया है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को जारी बयान में बताया कि राज्य सरकार ने बकाया वेतन के लिए आवश्यक
विधायक सरयू की फाइल फोटो


पूर्वी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)।

एमजीएम अस्पताल में तैनात होमगार्ड जवानों के पांच महीने से लंबित वेतन भुगतान का रास्ता साफ हो गया है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने रविवार को जारी बयान में बताया कि राज्य सरकार ने बकाया वेतन के लिए आवश्यक राशि जारी कर दी है, जिसके बाद सोमवार को जवानों के खातों में भुगतान कर दिया जाएगा।

सरयू राय ने कहा कि एमजीएम अस्पताल के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सरकार की ओर से स्वीकृत राशि अस्पताल के अधीक्षक के खाते में भेज दी गई है। इसके बाद सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सोमवार को होमगार्ड जवानों का पांच माह का लंबित वेतन जारी कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लगातार कई महीनों तक वेतन नहीं मिलने से होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति इतनी विकट हो गई थी कि एक महिला होमगार्ड जवान ने फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास भी किया था। हालांकि समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई।

विधायक ने बताया कि दो दिन पूर्व एमजीएम अस्पताल के निरीक्षण के दौरान होमगार्ड जवानों ने उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया था। जवानों ने बताया कि महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके परिवारों के समक्ष रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सरयू राय ने अस्पताल परिसर से ही राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने मंत्री से कहा कि एमजीएम अस्पताल उनके विधानसभा क्षेत्र में आता है और यहां कार्यरत कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कराना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने लंबित वेतन तत्काल जारी कराने का आग्रह करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि दो दिनों के भीतर भुगतान नहीं हुआ तो वे सरकार के खिलाफ आंदोलन करने को विवश होंगे।

सरयू राय ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने उस समय शीघ्र भुगतान कराने का आश्वासन दिया था। अब सरकार की ओर से राशि जारी किए जाने के बाद उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके हस्तक्षेप और सरकार की पहल से सैकड़ों होमगार्ड जवानों को बड़ी राहत मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक