जदयू ने नालों की सफाई कार्यों में लापरवाही का लगाया आरोप
पूर्वी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। विधायक सरयू राय के निर्देश पर जनता दल (यूनाइटेड) और जनसुविधा समिति के प्रतिनिधियों ने रविवार को मानगो क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख नालों का निरीक्षण कर सफाई कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान टैंक रोड
जदयू द्वारा नालों का निरीक्षण


पूर्वी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। विधायक सरयू राय के निर्देश पर जनता दल (यूनाइटेड) और जनसुविधा समिति के प्रतिनिधियों ने रविवार को मानगो क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख नालों का निरीक्षण कर सफाई कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान टैंक रोड, कालिका नगर चौक, उलीडीह, खनका, कालिका नगर रोड संख्या-3 तथा कुटकुट डुंगरी रोड संख्या-6 सहित कई स्थानों का दौरा किया गया। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि वर्षा पूर्व नालों की सफाई के लिए मई माह में निविदाएं जारी होने के बावजूद अधिकांश स्थानों पर अब तक काम शुरू नहीं किया गया है।

प्रतिनिधियों का कहना था कि मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से नाला सफाई के लिए निविदाएं निकाली गई थीं, लेकिन धरातल पर इसका असर कहीं दिखाई नहीं दे रहा है। कई प्रमुख नाले अब भी गाद और कचरे से भरे हुए हैं, जिससे बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या लगातार बनी हुई है।

कालिका नगर रोड संख्या-3 स्थित नाले का निरीक्षण करने पर पाया गया कि सफाई कार्य के नाम पर नाले की स्लैब तोड़ दी गई है, लेकिन डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद काम अधूरा पड़ा है। इसके कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि करीब एक माह पूर्व मेयर, उप-मेयर और मानगो नगर निगम के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर जल्द काम पूरा कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक न तो नाले की सफाई हुई है और न ही टूटी स्लैब की मरम्मत कराई गई है।

कुटकुट डुंगरी रोड संख्या-6 (नीचे टोला) स्थित बड़े नाले की भी सफाई नहीं होने से बारिश का पानी सड़क और आसपास के घरों में प्रवेश कर रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगर निगम चुनाव से पहले नाले की सफाई कराई गई थी, लेकिन उसके बाद दोबारा सफाई नहीं होने से हर बारिश में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है।

निरीक्षण में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, वार्ड पार्षद राजू प्रजापति, जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह, नीरज सिंह, अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू, महेश सिंह, विकास साहनी, दीपक गौड़, बिनोद सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक