मझगांव में पुलिस-प्रशासन की पहल पर बदले गए थाना प्रभारी
पश्चिमी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)। जिले के मझगांव क्षेत्र में हाल की घटनाओं (दो समुदायों के बीच हिंसक झडप) के बाद प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर शांति बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। एक ओर पुलिस प्रशासन ने मझगांव थाना प्रभारी धीरज क
मझगांव थाना प्रभारी धीरज कुमार यादव के जगह परमेश्वर उरांव को नया थाना प्रभारी


पश्चिमी सिंहभूम, 19 जुलाई (हि.स.)।

जिले के मझगांव क्षेत्र में हाल की घटनाओं (दो समुदायों के बीच हिंसक झडप) के बाद प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर शांति बहाली की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। एक ओर पुलिस प्रशासन ने मझगांव थाना प्रभारी धीरज कुमार यादव को लाइन हाजिर करते हुए उनकी जगह परमेश्वर उरांव को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं दूसरी ओर मानकी-मुंडा संघ कोल्हान पोड़ाहाट केंद्रीय समिति ने गांव-गांव ग्राम सभा आयोजित कर सामाजिक सौहार्द मजबूत करने का निर्णय लिया है।

बताया गया कि आदिवासी हो समाज युवा महासभा एवं मानकी-मुंडा संघ के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मझगांव क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, सामाजिक तनाव और स्थानीय लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को विस्तार से रखा था। प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष कार्रवाई करने और जनविश्वास की बहाली एवं पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की थी।

इसके कुछ ही घंटों बाद थाना प्रभारी में बदलाव का आदेश जारी होने पर संगठन ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक के प्रति आभार व्यक्त किया। संगठन ने कहा कि यह निर्णय जनता की भावनाओं का सम्मान करने वाला कदम है और इससे लोगों का पुलिस पर विश्वास मजबूत होगा।

इधर, रविवार को चाईबासा के मंगलाहाट रेस्ट हाउस में मानकी-मुंडा संघ की केंद्रीय बैठक केंद्रीय अध्यक्ष गणेश पाट पिंगुवा की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

बैठक में मझगांव की हालिया घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कुमारडुंगी और मझगांव प्रखंड के सभी मुंडा-मानकी अपने-अपने गांवों में शीघ्र ग्राम सभा आयोजित करेंगे।

इन बैठकों में सामाजिक परिस्थितियों की समीक्षा, शांति एवं भाईचारा बनाए रखने के उपायों पर चर्चा की जाएगी और ग्राम सभा के निर्णयों की रिपोर्ट केंद्रीय समिति को भेजा जाएगा।

गणेश पाट पिंगुवा ने कहा कि ग्राम सभा पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था की सबसे मजबूत इकाई है और संवाद के माध्यम से किसी भी विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने, कानून का सम्मान करने और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की।

बैठक में दलपत देवगम, कृष्ण सामड, बागुन सोय, साधुचरण झोंको, दीपू सवैयां, रामेश्वर कुन्टिया, रोबिन पाड़ेया सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक