Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धनबाद, 19 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं दिवंगत पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए बेरमो विधायक सह धनबाद कांग्रेस प्रभारी कुमार जयमंगल सिंह रविवार को हाउसिंग कॉलोनी स्थित उनके आवास पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस नेत्री एवं उनकी पत्नी अनुपमा सिंह भी मौजूद थीं। दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
इस दौरान कुमार जयमंगल सिंह ने कहा कि मन्नान मल्लिक उनके अभिभावक समान थे और कांग्रेस पार्टी में उनकी कमी कभी पूरी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि उनके पिता स्वर्गीय राजेंद्र सिंह ने मन्नान मल्लिक को इंटक में असंगठित मजदूर प्रकोष्ठ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था और जीवनभर उन्होंने मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में मन्नान मल्लिक के पुत्रों को भी इंटक में उचित जिम्मेदारी दी जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान कुमार जयमंगल सिंह ने राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की सरकार से कथित नाराजगी और चल रहे विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले पर विस्तृत जवाब प्रदेश कांग्रेस प्रभारी ही दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि वित्त मंत्री को सरकार के कार्यों या किसी विषय पर आपत्ति है तो उन्हें अपनी बात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष रखनी चाहिए। यदि ऐसा संभव नहीं हो तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष या विधायक दल के नेता के समक्ष अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विवाद जल्द समाप्त होगा और गठबंधन सरकार बेहतर समन्वय के साथ काम करेगी।
इस अवसर पर कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह ने भी मन्नान मल्लिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा