Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

तेहरान, 19 जुलाई (हि.स.)। ईरान के परमाणु ऊर्जा संगठन ने दावा किया है कि अमेरिका ने रविवार तड़के दक्षिणी ईरान में स्थित डारखोविन परमाणु बिजली संयंत्र के निर्माणाधीन परिसर पर हवाई हमला किया। फिलहाल अमेरिकी प्रशासन की ओर से इस दावे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गई है।
संगठन के अनुसार यह संयंत्र इराक सीमा के निकट दक्षिणी ईरान में स्थित है और अभी निर्माणाधीन है। हमले में संयंत्र के निर्माण स्थल को निशाना बनाया गया। हालांकि, तत्काल किसी बड़े नुकसान या हताहत की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
ईरानी परमाणु ऊर्जा संगठन ने बताया कि दिसंबर, 2022 में इस परियोजना के लिए प्रारंभिक आधारभूत कार्य (ग्राउंडवर्क) शुरू किया गया था। हालांकि, विश्व परमाणु संघ के अनुसार मार्च तक इस संयंत्र का औपचारिक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ था।
यह हमला ऐसे समय हुआ है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है और दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव तेज होता जा रहा है। परमाणु प्रतिष्ठान को निशाना बनाए जाने के दावे के बाद क्षेत्रीय सुरक्षा और परमाणु सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा हो गई हैं।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय