Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वॉशिंगटन, 19 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रविवार को व्हाइट हाउस में लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन से मुलाकात कर ईरान के साथ डगमगाते युद्धविराम और क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने लेबनान में सुरक्षा और शांति बहाल करने के लिए त्रिपक्षीय ढांचे के क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श किया।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने बयान जारी कर कहा कि विदेश मंत्री रुबियो ने राष्ट्रपति आउन के नेतृत्व में लेबनानी सरकार द्वारा देश की संप्रभुता मजबूत करने, हिजबुल्लाह को निशस्त्र करने, उसके आतंकवादी ढांचे को खत्म करने और शांति की दिशा में उठाए जा रहे कदमों की सराहना की।
बयान के अनुसार, रुबियो ने त्रिपक्षीय ढांचे के सफल क्रियान्वयन में अमेरिका के निरंतर सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
वहीं, राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने अपने बयान में बताया कि निकट भविष्य में व्हाइट हाउस में लेबनान और अमेरिका के बीच शिखर बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें दोनों देशों के संबंधों और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी।
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब ईरान के साथ युद्धविराम की स्थिति अस्थिर बनी हुई है और पश्चिम एशिया में सुरक्षा हालात को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ती जा रही है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय