Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लीमा, 19 जुलाई (हि.स.)। पेरू के एंडीज क्षेत्र में शनिवार देर रात आए 5.1 तीव्रता के भूकंप में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। भूकंप का सबसे अधिक असर राजधानी लीमा से लगभग 300 किलोमीटर पूर्व स्थित चोंगोस बाजो कस्बे में देखा गया।
पेरू के भूभौतिकी संस्थान के अनुसार, भूकंप का केंद्र 24 किलोमीटर की गहराई पर था। कम गहराई होने के कारण झटके काफी तेज महसूस किए गए और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
चोंगोस बाजो के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि भूकंप में उनका घर पूरी तरह ढह गया। उन्होंने कहा कि इलाके में बड़ी संख्या में मिट्टी और पारंपरिक निर्माण सामग्री से बने मकान हैं, जो झटकों को सहन नहीं कर सके।
राष्ट्रीय नागरिक सुरक्षा संस्थान के निदेशक लुइस वास्केज ने बताया कि भूकंप से 48 घर पूरी तरह नष्ट हो गए और लगभग 300 लोग बेघर हो गए हैं। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में सहायता और पुनर्वास कार्य में जुटे हुए हैं।
पेरू दुनिया के सबसे अधिक भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में से एक प्रशांत महासागर के 'रिंग ऑफ फायर' पर स्थित है। यह क्षेत्र जापान, दक्षिण-पूर्व एशिया और प्रशांत महासागर के आसपास फैले तीव्र भूकंपीय गतिविधियों वाले इलाके का हिस्सा है।
भूकंप वैज्ञानिकों के अनुसार, पेरू में हर वर्ष औसतन 400 भूकंप दर्ज किए जाते हैं, हालांकि इनमें से अधिकांश इतने हल्के होते हैं कि लोगों को उनका एहसास भी नहीं होता।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय