Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

भुवनेश्वर, 19 जुलाई (हि.स.)। ओडिशा के संबलपुर स्थित हिराकुद बांध के चार स्लुइस गेट रविवार को बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए खोल दिए गए। ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण जलाशय में पानी का प्रवाह तेजी से बढ़ रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, बांध के बाईं ओर के तीन और दाईं ओर के एक गेट को खोलकर अतिरिक्त बाढ़ का पानी छोड़ा गया।
लगातार बारिश के चलते हिराकुद जलाशय का जलस्तर बढ़कर 611.50 फीट तक पहुंच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जलाशय में प्रति सेकंड लगभग 1,57,442 क्यूसेक पानी का प्रवाह दर्ज किया गया, जबकि जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए करीब 33,000 क्यूसेक पानी चार स्लुइस गेटों के माध्यम से छोड़ा गया।
गेट खोलने से पहले बांध प्रशासन ने महानदी के किनारे बसे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क करने के लिए सायरन बजाए।
अधिकारियों ने बताया कि जलाशय में पानी के बढ़ते प्रवाह पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऊपरी क्षेत्रों में हो रही बारिश के कारण बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए यह कदम एहतियातन उठाया गया है।
प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों को नदी से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो