Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बलरामपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। रामानुजगंज क्षेत्र में शनिवार को करीब दो घंटे हुई मूसलाधार बारिश के बाद कन्हर नदी उफान पर आ गई थी। इसी दौरान रामानुजगंज-वाड्रफनगर मुख्य मार्ग पर जनपद कार्यालय के पास सड़क का किनारा धंस गया था। खबर सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और प्रभावित स्थल पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
प्रशासन ने संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए धंसे हुए हिस्से के दोनों ओर बैरिकेडिंग करा दी है। साथ ही लाल रिबन और रिफ्लेक्टर टेप लगाकर पूरे क्षेत्र की घेराबंदी की गई है, ताकि रात के समय या कम दृश्यता की स्थिति में भी वाहन चालकों को खतरे की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
प्रशासन के निर्देश पर राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर निगरानी कर रही है। संबंधित विभाग को सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि आवागमन सुरक्षित और सुचारु बना रहे।
जिला प्रशासन ने रामानुजगंज-वाड्रफनगर मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और आम नागरिकों से बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा संकेतों का पालन करने की अपील की है। साथ ही प्रभावित हिस्से के पास अनावश्यक रूप से न जाने और बारिश के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय