नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ अभियान, 7.5 करोड़ युवाओं का भविष्य हुआ प्रभावित : कांग्रेस
रायपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर देश भर में शुरू किए गए “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत आज रविवार को रायपुर में एक महत्वपूर्ण पत्रकार
कांग्रेस की पत्रकारवार्ता


रायपुर, 19 जुलाई (हि.स.)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर देश भर में शुरू किए गए “छात्रों की गूंज” अभियान के तहत आज रविवार को रायपुर में एक महत्वपूर्ण पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। इस दौरान छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।

पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि राहुल गांधी ने देश के युवाओं के हक के लिए “छात्रों की गूंज” अभियान की शुरुआत की है। उन्होंने चौंकाने वाले आंकड़े पेश करते हुए कहा कि साल 2014 से लेकर अब तक देश भर में 152 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब साढ़े 7 करोड़ युवाओं का भविष्य सीधे तौर पर प्रभावित हुआ है। महंत ने सख्त लहजे में कहा, “यह कोई सामान्य प्रशासनिक चूक नहीं है, बल्कि सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा एक संगठित अपराध है, जिसने देश के होनहारों के भविष्य को दांव पर लगा दिया है।”

नौकरियों के हालातों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि देश में इस समय स्थिति बेहद चिंताजनक है। आज महज 6 लाख सरकारी नौकरियों के लिए 9 करोड़ युवा कतार में खड़े हैं। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि हर 150 युवाओं में से केवल एक युवा को ही रोजगार का अवसर मिल पा रहा है।

कांग्रेस ने इस मामले काे लेकर पांच प्रमुख मांगें रखी ह्रै जिसमें शिक्षा व्यवस्था को राजनीति से पूरी तरह दूर रखा जाए। देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में नियुक्त किए गए भ्रष्टाचार में लिप्त कुलपतियों (वीसी) को तत्काल पद से हटाया जाए। पेपर लीक कांड के असली गुनहगारों और माफियाओं पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित पीड़ित छात्रों और उनके परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। भविष्य में होने वाली सभी प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ आयोजित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल